◆ महापौर ने एंटी-लार्वा छिड़काव तेज करने के दिए निर्देश
अयोध्या। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में सोमवार को नागरिकों की विभिन्न समस्याओं से जुड़ी 16 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने वर्षाकाल के मद्देनजर मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर एंटी-लार्वा दवा का नियमित छिड़काव कराया जाए, ताकि डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और शिकायतकर्ताओं को राहत दिलाने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई के दौरान सड़क एवं नाली निर्माण, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन की खुदाई तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई की गई। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, सुमित कुमार सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।