अंबेडकर नगर। जनपद की मोबाइल रिकवरी सेल टीम ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 111 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने संबंधित मोबाइल धारकों को सूचित कर उनके मोबाइल सुपुर्द किए।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेन्द्र कुमार व अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव के पर्यवेक्षण में पुलिस कार्यालय में गठित मोबाइल रिकवरी सेल सर्विलांस सेल टीम ने लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न स्थानों से मोबाइल बरामद किए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल सुरक्षा के लिए प्ले स्टोर से ‘संचार साथी’ ऐप डाउनलोड करें, जिससे मोबाइल खोने की स्थिति में आवश्यक सूचनाएं मिलती रहें। साथ ही उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने पर बिल, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्र के साथ नजदीकी थाने पर पहुंचकर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
मोबाइल रिकवरी अभियान में प्रभारी सर्विलांस/स्वाट/एसओजी निरीक्षक संजय पाण्डेय, प्रभारी सर्विलांस उपनिरीक्षक प्रभाकान्त तिवारी, आरक्षी सौरभ पाण्डेय एवं आरक्षी अंकुर यादव की प्रमुख भूमिका रही।