अयोध्या। तीन वर्षों से पेट में मौजूद ट्यूमर से परेशान गोंडा की एक महिला को राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने नई जिंदगी दी है। डॉक्टरों की टीम ने जोखिम भरी सर्जरी करते हुए महिला के पेट से करीब 10 किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकालने में सफलता हासिल की। ट्यूमर के भीतर लगभग पांच लीटर तरल पदार्थ भरा हुआ था, जिससे ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था।
मनकापुर बाजार, गोंडा निवासी 40 वर्षीय यशोदा पत्नी प्रमोद मोदनवाल लंबे समय से पेट में सिस्ट की समस्या से जूझ रही थीं। लगातार बढ़ती तकलीफ के चलते उन्हें 8 जून को राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि मरीज के शरीर में खून की मात्रा सामान्य से काफी कम है। ऐसे में तत्काल ऑपरेशन करने के बजाय पहले उनका हीमोग्लोबिन बढ़ाने और शरीर को सर्जरी के लिए तैयार करने का निर्णय लिया गया।
आवश्यक उपचार के बाद शुक्रवार को वरिष्ठ सर्जन डॉ. प्रदीप सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान महिला के पेट से लगभग 10 किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकाला गया। चिकित्सकों के अनुसार ट्यूमर के अंदर करीब पांच लीटर तरल पदार्थ मौजूद था। ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।