Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जामुन बीनने गई युवती को सांप ने डसा, मौत

जामुन बीनने गई युवती को सांप ने डसा, मौत

0
ayodhya samachar

जलालपुर अम्बेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के रतना गरखोल गांव में जामुन बीनने गई 19 वर्षीय युवती को विषैले सांप ने डस लिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

File Photo

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मटरू की पुत्री संजना (19) अपने घर के पास लगे जामुन के पेड़ के नीचे गिरे फल बीन रही थी। इसी दौरान किसी विषैले जन्तु ने उसे डस लिया। युवती ने घर पहुंचने के कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने की बात परिजनों से साझा की। संजना के सपेरे भाई ने मौके पर पहुंचकर जख्म को देखने के बाद बताया कि उसे सांप ने काटा है। परिजनों ने आनन-फानन में उसे भियांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एंटी वेनम इंजेक्शन लगाकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही संजना की मौत हो गई। मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। संजना की मां और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कटका पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में हल्का लेखपाल दिनेश कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों को शासन की ओर से नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बरसात के चलते जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है, ऐसे में प्रशासन को इस ओर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version