अयोध्या, 19 दिसम्बर।  नगर निगम के पुरुषोत्तम नगर वार्ड और अग्रसेन वार्ड से बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल और जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी का झंडा दे कर कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।

महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल ने बताया कि आज हमारे नेता राहुल गांधी के संघर्षों और उनकी भारत जोड़ो यात्रा से प्रभावित होकर तमाम साथियों ने कांग्रेस का दामन थामा है जो दर्शाता है कि लगातार कांग्रेस की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद अग्रसेन वार्ड के इमरान ने बताया कि आज हम अपनी पत्नी सबीना बानो के साथ समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। कांग्रेस को मजबूत करने का प्रयास करेंगे यदि कांग्रेस पार्टी से पार्षद पद का टिकट मिलता है तो पार्टी को जीत दिलाने का काम करेंगे। पुरुषोत्तम नगर वार्ड के कृष्ण प्रताप ने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रभावित होकर आज अपने साथियों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली है।