लखनऊ, 13 अप्रैल। विश्वहिन्दू महासंघ के 41वें स्थापना दिवस पर राजधानी लखनऊ के लक्ष्मण मेला पार्क से शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा में 31 झांकिया आस्था व आकर्षण का केन्द्र बनी। इन झांकियों में भारत माता, गुरु गोरक्षनाथ, आर्यवीर दल, दयानंद सरस्वती, महावीर स्वामी, महाराणा प्रताप, लक्ष्मी बाई, कबीर दास, गुरु गोविंद सिंह, संत रविदास, वाल्मिकी व गोमाता की झांकिया शामिल रही। शोभायात्रा का नेतृत्व विहिप के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति व महामंत्री ओम प्रकाश यादव ने किया।

विहिम के प्रदेश महामंत्री ओम प्रकाश यादव ने बताया कि इस शोभायात्रा का उद्देश्य भेदभाव व छुआछूत मुक्त परिवेश का निर्माण करना है। जिससे एक सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना सार्थक हो सके। हम अपने इतिहास व अतीत से गौरव का अनुभव कर सके। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर राष्ट्रहित सर्वोच्च का भाव जागृत हो। राष्ट्रवादी विचारधारा भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने में समर्थ है। हमारे भीतर वसुधैव कुटुम्बम का भाव समाहित है। यह भाव राष्ट्र के विकास के प्रति योगदान के लिए हमें प्रेरित करता है। उन्होने बताया कि आज के 41 वर्ष पहले चारो पीठ के शंकराचार्य व नेपाल नरेश की उपस्थिति में इस संगठन का पुनः निर्माण हुआ था। विश्वहिन्दू महासंघ संयुक्त राष्ट्र संघ के मान्यता प्राप्त संगठन है।