.

फैजाबाद। कुमारगंज थाना क्षेत्र के कटहरा के मजरे धग्गापुर गांव में तेंदुए ने दस्तक दी है। शुक्रवार की रात गांव की पांच माह की बछिया को अपना शिकार बना दिया। प्रकरण की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग के साथ, एसडीसम व थाने पर दी परन्तु सुबह तक कोई घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। पीडि़त ने इसकी सूचना जिलाधिकारी को दूरभाष पर दी। जिलाधिकारी द्वारा फटकार लगाये जाने के बाद थाना कुमारगंज तथा वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहंुच कर बछिया पोस्टमार्टम किया। धग्गापुर गांव निवासी देवनाथ यादव की पांच माह की बछिया व गाय घर केदक्षिण सरिया में बंधी थी। देवनाथ के अनुसार रात करीब साढ़े बारह बजे सरिया में बंधी गाय अचानक चिल्लाने लगी। गाय की अवाज सुनकर देवनाथ हाथ में एक छोटा डण्डा व टार्च लेकर जब सरिया के पास पहुंचा तो देखा दो बड़े जानवर बछिया का पेट फाड़ कर उसे खा रहे थे। इसके बाद देवनाथ ने गुहार लगाना प्रारम्भ कर दिया। लाठी डण्डा से लैस ग्रामीणों को आता देख तेन्दुओं दत्तीपुर गांव की ओर भाग गया। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद वन क्षेत्राधिकारी जीमल राशिद ने तेंदुए के पद चिन्हों का गहन निरीक्षण किया। दरोगा हरिदास चैरसिया व रामबचन राम ने पशु चिकित्साधिकारी खण्डासा डा एसपी वर्मा व डा अंशुमान सिंह को बुलाकर बछिया का पीएम कराया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि एक माह के अन्दर तेंदुए ने आधा दर्जन भेड़ बकरियों को अपना निवाला बना लिया है। तेंदुए की बात सुन बच्चे स्कूल जाने से कतरा रहे है।