अम्बेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर छह वर्षों तक शारीरिक शोषण एवं मारपीट के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जारी अभियान के तहत अहिरौली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दबोचा।
थाना अहिरौली पुलिस के अनुसार, ग्राम चांदपुर जलालपुर निवासी 23 वर्षीय मुकेश कुमार के खिलाफ पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के पिता अमरनाथ एवं मां सावित्री से बात की, तो आरोपियों ने उसे गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों से पीटा और जान से मारने की धमकी तक दी।
इस मामले में थाना अहिरौली में मुकदमा दर्ज किया गया था। शनिवार शाम संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। इस पर उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद एवं हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव ने टीम के साथ दबिश देकर आरोपी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ पूरी कर उसे आवश्यक कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना तेजी से की जा रही है, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके