अयोध्या। सावन शुरू होते ही रामनगरी अयोध्या भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। सावन के पहले सोमवार को नागेश्वर नाथ मंदिर सहित अयोध्या के सभी शिवालयों में शिव भक्त उमड़े। मां सरयू में स्नान कर श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान शंकर के शिवलिंग पर जलाभिषेक करने पहुंचे। ’बम बम भोले’ और ’हर-हर महादेव’ के जयकारों से रामनगरी शिवमय हो उठी। भक्तों और कांवड़ियों की सुविधा-सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की थीं, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। भक्तों ने जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक करने के बाद हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में भी दर्शन पूजन किया।



