◆ ’मिशन मिल्कीपुर’ में जुटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद
अयोध्या। आचार्य नरेन्द्र देव कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारियों के साथ बैठक किया। बैठक में उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में आपस में एक स्वस्थ्य प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपना बूथ, अपनी ग्राम सभा व मंडल सर्वाधिक मतों से जिताने को लेकर आपस में प्रतिस्पर्धा करें। पूरा प्रयास व प्रयत्न करके चुनाव में सम्पर्क व संवाद से सबसे बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य लेकर कार्य करें। बैठक में मंत्री जेपीएस राठौर व प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही मौजूद थे। बैठक का संचालन एमएलसी अवनीश पटेल ने किया।



उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच में ले जाएं तथा विकास पर लोगों से वोट की अपील करें। लाभार्थियों से लगातार संवाद तथा सम्पर्क की प्रक्रिया जारी रखें। उन्होंने कहा कि जब प्राण प्रतिष्ठा हुई तो दुनिया ने अयोध्यावासियों को सिर आंखों पर बिठाया। उन्होंने कहा कि कुंदरकी में 65 प्रतिशत मुस्लिम आबादी के बाद भी रिकार्ड मतों से पार्टी ने चुनाव जीता। कार्यकर्ता पूर्ण उर्जा के साथ मिल्कीपुर उप चुनाव को रिकार्ड मतों से जीतने का लक्ष्य लेकर कार्य करें।
