अयोध्या। जनपद अयोध्या में दर्ज दो अलग-अलग साइबर फ्राड मामलों में पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को कुल 5,48,243 की धनराशि वापस कराई गई है। यह कार्रवाई साइबर अपराधों की जांच एवं पीड़ितों को आर्थिक राहत दिलाने की प्रक्रिया के तहत की गई।
पहला मामला थाना पटरंगा से संबंधित है। 6 दिसंबर को सुल्तानपुर निवासी प्रमोद कुमार पुत्र स्व. माताफेर द्वारा एनसीआरपी पोर्टल पर 5,30,900 के ऑनलाइन फ्राड की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में थाना पटरंगा पर धारा 318(4) बीएनएस 2023 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच की गई। विवेचना के दौरान यह सामने आया कि ठगी की गई राशि मर्चेंट एवं क्रेडिट कार्ड के माध्यम से विभिन्न खातों में भेजी गई थी। संबंधित पेमेंट गेटवे व मर्चेंट से समन्वय स्थापित कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं, जिसके बाद पीड़ित के खाते में 5,19,943 की धनराशि वापस कराई गई।
दूसरा मामला थाना साइबर क्राइम जनपद अयोध्या का है। दिनांक 30 दिसंबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायत संख्या पर कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी से संबंधित 28,300 की धनराशि आवेदक को वापस कराई गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करें।