अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं जनपद में आज से प्रारंभ हो गईं। जिले में लगभग 75 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षाएं 12 मार्च तक चलेंगी। शांतिपूर्ण और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक और बहुस्तरीय प्रबंध किए हैं।
जनपद में कुल 115 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 16 को संवेदनशील और 5 को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जबकि प्रत्येक ब्लॉक में सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त हैं। पांच जोनल मजिस्ट्रेट समग्र निगरानी कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त पांच सचल (उड़न) दल गठित किए गए हैं तथा निदेशालय स्तर से दो पर्यवेक्षक भी तैनात हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर और वॉइस रिकॉर्डिंग सिस्टम लगाए गए हैं। इनकी निगरानी विद्यालय स्तर के साथ-साथ जनपद कंट्रोल रूम और निदेशालय से की जा रही है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक, जिनमें एक बाहरी अनिवार्य है, ड्यूटी पर तैनात हैं। उत्तर पुस्तिकाएं पूर्व में ही केंद्रों पर पहुंचाई जा चुकी थीं, जबकि सीलपैक प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा के बीच वितरित किए गए।
पहले दिन हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने पेपर को संतोषजनक बताया और व्यवस्थाओं की सराहना की। सुबह से केंद्रों पर छात्रों की चहल-पहल रही—कहीं उत्साह तो कहीं हल्का तनाव भी दिखाई दिया। जिला प्रशासन ने पारदर्शी, सुरक्षित और अनुशासित ढंग से परीक्षा संपन्न कराने का दावा किया है।