जलालपुर अंबेडकर नगर। तमसा नदी में सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव नदी में फेंका गया है।
जानकारी के अनुसार, सम्मनपुर थाना क्षेत्र के दाउदपुर नसीरपुर गांव की कुछ महिलाएं घास काटने नदी किनारे गई थीं। इस दौरान उन्होंने नदी में एक शव उतराता देखा और शोर मचाया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया।
करीब 45 वर्षीय युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव पर लोअर और शर्ट के साथ सिर पर लाल गमछा बंधा था। शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। मृतक की पहचान के लिए उसकी तस्वीरें अन्य थानों में भी भेजी जा रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।