Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरमोबाइल शॉप से चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार

मोबाइल शॉप से चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार


◆ आरोपी ने चोरी का सामान बेचने के लिए खुद खोली थी मोबाइल दुकान


अंबेडकर नगर। थाना राजेसुल्तानपुर पुलिस ने मोबाइल शॉप से चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन, 48 मोबाइल कवर, 8 बैटरियां, केबल, चार्जर, अडॉप्टर और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चोरों में से एक ने चोरी का माल बेचने के लिए खुद की मोबाइल दुकान तक खोल रखी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 28 अगस्त को वादी मिथिलेश कुमार यादव निवासी खरूवइया, थाना राजेसुल्तानपुर ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी मोबाइल शॉप पदुमपुर से अज्ञात चोरों ने मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया है। इस संबंध में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

पुलिस टीम को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के मामले से जुड़े आरोपी सिंघलपट्टी स्थित सागवन के बगीचे के पास मौजूद हैं। इस पर उपनिरीक्षक गोविन्द नारायण मिश्रा की टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों ऋषभ गोस्वामी पुत्र स्व. योगेन्द्र गोस्वामी निवासी बटेलीपुर, थाना आलापुर और रंजन पुत्र सुबेदार निवासी बभनपुरा, थाना राजेसुल्तानपुर को गिरफ्तार कर लिया। छानबीन में ऋषभ गोस्वामी के कब्जे से 13 कीपैड और सात एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुए, जबकि रंजन के पास से 48 मोबाइल कवर, आठ मोबाइल बैटरी, तीन डाटा केबल, एक डीसी चार्जर, पांच यूएसबी डाटा केबल, एक ट्रैवल अडॉप्टर और तीन मोबाइल होल्डर बरामद किए गए। मौके पर बुलाए गए वादी ने बरामद सामान की पहचान अपने दुकान का होना बताया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रंजन पहले मोबाइल शॉप पदुमपुर में करीब चार वर्षों तक कार्य कर चुका था। उसी अनुभव का लाभ उठाते हुए उसने दुकान के खुलने-बंद होने का समय और सीसीटीवी की स्थिति का पता लगाया तथा साथी ऋषभ के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए मोबाइल व अन्य सामान बेचने के लिए ऋषभ ने ढोलबजवा बाजार में खुद की मोबाइल दुकान खोल रखी थी, जिससे किसी को शक न हो। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ऋषभ गोस्वामी के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि रंजन पर भी एक मामला दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गोविन्द नारायण मिश्रा, कांस्टेबल रामअवतार यादव, संजीत पाठक, सतीश यादव एवं ब्रह्मानंद शर्मा शामिल रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है और अन्य संभावित मामलों में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments