अयोध्या । कोतवाली रुदौली क्षेत्र में ज्वैलर्स की दुकान से दिनदहाड़े हुई लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है।
2 अप्रैल 2026 को कस्बा रुदौली के कोठी बाजार स्थित अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में महेश ज्वैलर्स की दुकान पर करीब 12:30 बजे एक नकाबपोश महिला गहने खरीदने के बहाने पहुंची। महिला हार और चेन देखने के दौरान मौका पाकर उन्हें हाथ में लेकर खिलौने की पिस्तौल दिखाते हुए दुकान से भाग निकली। दुकानदार द्वारा पीछा करने पर वह बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पर सवार अपने साथी के साथ फरार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीमों का गठन कर जांच शुरू की। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद और पुलिस टीम के प्रयासों से मात्र दो घंटे घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा महिला के सहयोगी को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने घटना में शामिल पायल कोरी (21) निवासी अहिवरन का पुरवा मथा नेवादा थाना बाबा बाजार तथा राहुल कुमार (21) निवासी पूरे प्रान नेवरा थाना मवई को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक हार, एक चैन लॉकेट सहित पीली धातु के आभूषण, एक बुर्का, प्लास्टिक की पिस्तौल, पिट्ठू बैग, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद सामान की कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला अपने प्रेमी के साथ योजनाबद्ध तरीके से सर्राफा दुकानों को निशाना बनाती थी। वह नकाब पहनकर गहने खरीदने के बहाने दुकान पर जाती और मौका पाकर खिलौने की पिस्तौल से भय दिखाकर आभूषण लेकर फरार हो जाती थी। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, निरीक्षक संतोष यादव, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक दयाराम, महिला उपनिरीक्षक स्तुति गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।