◆ कांग्रेस ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार, कहा— देश की सुरक्षा भगवान भरोसे
अयोध्या। राजधानी दिल्ली में हुए भीषण कार ब्लास्ट की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में निर्दोष नागरिकों की मौत पर अयोध्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमला नेहरू भवन के सामने मोमबत्ती जलाकर व दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की ।
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चेत नारायण सिंह ने की। उन्होंने कहा कि “यह घटना मात्र एक हादसा नहीं, बल्कि मोदी सरकार की नाकामी का जीता–जागता सबूत है। पहलगाम के बाद अब दिल्ली में हुआ धमाका इस बात का प्रमाण है कि भाजपा शासन में देश की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दी गई है।” उन्होंने कहा कि “यदि सरकार में नैतिकता बची है, तो गृहमंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।”
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण रानू ने कहा कि “भाजपा सरकार अपने खोखले दावों और प्रचार की राजनीति में इतनी उलझ गई है कि आम नागरिकों की सुरक्षा उसके एजेंडे से गायब हो चुकी है। पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार को जवाब देना होगा कि आखिर जनता कब तक भय के साये में जीती रहेगी।”
इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष हरजीत सिंह सलूजा, अशोक कनौजिया, उमेश उपाध्याय, जिओ हैदर, महिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष नाजिश फातिमा, जिला सचिव पंकज सिंह, सेवादल अध्यक्ष फ्लावर नकवी, महानगर सेवादल अध्यक्ष बसंत मिश्रा, कविंद्र साहनी, अरुण साहू, अशोक राय, धर्मेंद्र सिंह, चंचल सोनकर, अनिल सोनकर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।