◆ पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शुरू की तलाश
जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सुबह होते ही घर में हड़कंप मच गया। पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन शुरू कर दी है।
बबुरा गांव निवासी सर्वेश कुमार पांडेय ने बताया कि रात में पूरा परिवार सो रहा था, तभी चोर पीछे की ओर से छत पर चढ़कर सीढ़ी के रास्ते घर के अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे बॉक्स को तोड़कर एक जोड़ी बाली, एक झुमका, सोने का हार, चैन, चांदी की पाजेब–पायल सहित करीब 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घर का अन्य सामान भी इधर-उधर बिखरा मिला।
सुबह चोरी की जानकारी होते ही परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी और थाना कटका में लिखित तहरीर दी। सूचना के बाद एसओ कटका राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्त में लिया जाएगा।