◆ प्रस्तावित मार्ग की कुल लंबाई 2.57 किमी, 5.50 से 10 मीटर चौड़ी किये जाने का है प्रस्ताव
अयोध्या । टेढ़ी बाजार से अशर्फी भवन होते हुए पोस्ट ऑफिस तक मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का महत्वाकांक्षी कार्य की योजना तैयार की गई है। इस परियोजना का उद्देश्य राम नगरी को और अधिक सुगम, सुंदर और सुविधायुक्त बनाना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले राम भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
प्रस्तावित मार्ग की कुल लंबाई 2.57 किलोमीटर है, और वर्तमान में इसकी चौड़ाई 5.50 मीटर है। योजना के तहत सड़क की चौड़ाई को 10 मीटर तक बढ़ाया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और तीर्थयात्रियों की आवाजाही में सुविधा बढ़ेगी।
इस परियोजना की अनुमानित लागत 12,408.55 लाख रुपये है, जिसके लिए लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। यह मार्ग श्री राम जन्मभूमि मंदिर तक पहुंच को और बेहतर बनाने में सहायक होगा।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता एसपी भारती ने बताया कि इस परियोजना से अयोध्या में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी। सरकार का यह प्रयास अयोध्या को वैश्विक पटल पर एक आदर्श तीर्थ स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और कदम है। स्वीकृति मिलते ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।