अयोध्या। शीत ऋतु के आगमन के साथ रामलला के दर्शन के समय में परिवर्तन किया गया है। अब श्रद्धालु आज से सुबह 7:00 बजे से रामलला के दर्शन कर सकेंगे। दर्शन का सिलसिला रात 9:00 बजे तक जारी रहेगा। मंदिर प्रशासन ने बताया कि ठंड को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
नए समय के अनुसार, सुबह 4:30 बजे मंगला आरती होगी, जबकि 6:30 बजे श्रृंगार आरती के बाद दर्शन मार्ग से प्रवेश प्रारंभ होगा। श्रद्धालुओं के लिए दर्शन सुबह 7:00 बजे से खुले रहेंगे। दोपहर 12:00 बजे भोग आरती के समय डी-वन मार्ग से प्रवेश बंद रहेगा और दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। इसके बाद पुनः 1:00 बजे से दर्शन प्रारंभ होंगे।
रात्रि में 9:00 बजे डी-वन से प्रवेश बंद कर दिया जाएगा और 9:15 बजे तक दर्शन संपन्न होंगे। इसके बाद 9:30 बजे शयन आरती संपन्न कर मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नई समय सारिणी के अनुसार दर्शन की योजना बनाएं ताकि भीड़ प्रबंधन और व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।