अंबेडकर नगर। महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर शनिवार को खेलों की ऊर्जा से सराबोर नजर आया, जहां स्पोर्ट्स वीक–2025 का औपचारिक शुभारंभ किया गया। छः से 13 दिसंबर तक आयोजित होने वाला यह वार्षिक खेल महोत्सव छात्रों और संकाय सदस्यों में फिटनेस, टीम भावना और प्रतिस्पर्धी कौशल को बढ़ावा देगा। सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन जैसे आउटडोर तथा शतरंज, टेबल टेनिस और कैरम जैसे इंडोर खेलों की प्रतियोगिताएँ होंगी। समापन दिवस पर ट्रैक इवेंट्स, स्प्रिंट, लंबी दौड़ और मैराथन प्रतिभागियों की गति व सहनशक्ति की परीक्षा लेंगे।
प्राचार्य ने किया क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ
स्पोर्ट्स वीक की शुरुआत क्रिकेट प्रतियोगिता से हुई। प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने उद्घाटन कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। स्पोर्ट्स प्रेसिडेंट डॉ. बृजेश भी इस अवसर पर मौजूद रहे। उद्घाटन मैच संकाय सदस्यों की दो टीमों के बीच खेला गया, जिनका नेतृत्व क्रमशः डॉ. मुकेश राणा और डॉ. प्रमोद यादव ने किया।
छात्रों का उत्कृष्ट प्रबंधन
पूरे आयोजन का संचालन एम बी बी एस 2022 बैच के छात्रों ने बेहतरीन ढंग से संभाला। परिभाष, अभिषेक राज, अमन त्यागी, सौरव सिंह, जानवी और सोनिया ने मैच संचालन व अन्य व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्पोर्ट्स कमेटी के मार्गदर्शन में डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. साजन देव और डॉ. अमोद का योगदान सराहनीय रहा। कार्यक्रम में डॉ. अनिल यादव, डॉ. संदीप शर्मा, डॉ. रणजीत, डॉ. अमित गुप्ता, डॉ. अभिषेक, डॉ. मुकुल दे, चंद्रभान, डॉ. राजेश सहित अनेक संकाय सदस्य भी मौजूद रहे। पूरे परिसर में उमंग, उत्साह और खेल भावना का माहौल बना रहा।