अयोध्या। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद द्वारा एसएसवी इंटर कॉलेज में आयोजित धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मणिशंकर तिवारी ने कहा कि विद्यालय की प्रशासनिक एवं शैक्षिक व्यवस्था में प्रधानाचार्यों की भूमिका मील का पत्थर होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तदर्थ प्रधानाचार्यों के सम्मान से जुड़ी मांगों को लेकर परिषद के निर्णय के अनुरूप अपर मुख्य सचिव से वार्ता की जाएगी। साथ ही, लंबित मांगों के समाधान के लिए संघर्ष अनवरत जारी रहेगा, ताकि प्रधानाचार्यों के चेहरे पर सदैव मुस्कान बनी रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डॉ. तिवारी ने कहा कि विद्यालय संचालन के दौरान प्रधानाचार्यों को आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के निराकरण के लिए शासन स्तर पर संपर्क किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद प्रधानाचार्य विद्यालयों में नवाचार और गुणवत्ता सुधार के लिए दिन-रात समर्पित रहते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे परिषद के प्रदेश संरक्षक डॉ. वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि किसी पदाधिकारी का निर्विरोध एवं उच्च पद पर चयनित होना अपने आप में गौरव का विषय है। यह अयोध्या के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने सहयोग और सामंजस्य को सफलता की कुंजी बताया। एसएसवी इंटर कॉलेज की प्रबंध कार्यकारिणी के पदाधिकारी पुनीत मेहरोत्रा ने कहा कि बेहतर शिक्षा व्यक्ति को संस्कारवान, योग्य, विनम्र तथा देश का सुयोग्य नागरिक बनाती है।
कार्यक्रम को परिषद के जिला कोषाध्यक्ष डॉ. उदयभान सिंह, जिला संरक्षक डॉ. राम सुरेश मिश्रा, प्रधानाचार्य डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, डॉ. सुनील कुमार द्विवेदी, निरंकारी सिंह, अशोक कुमार तिवारी तथा डॉ. रामकृष्ण मिश्रा ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के सेवानिवृत्त एवं कार्यरत प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद शुक्ला, पीएन सिंह, रुही पाल, नेहा सिंह, रणजीत सिंह, जितेंद्र कुमार राव, तिलकधारी सिंह, शुभम तिवारी, रामभद्र दास, शोभनाथ वर्मा, देवी प्रसाद वर्मा, गोपाल सिंह, अरुण सिंह, पीयूष, अवधेश कुमार शुक्ला एवं राम कृपाल को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन परिषद के जिला मंत्री राम प्रिया शरण सिंह ने किया।
कार्यक्रम में परिषद की ओर से नवनियुक्त संयुक्त मंत्री (सचिवालय निदेशालय) प्रधानाचार्य केके यादव तथा वाराणसी क्षेत्र के लिए नव नियुक्त संयुक्त मंत्री प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार वर्मा का भी अभिनंदन किया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार मिश्र, वीके राणा, आरबी शुक्ला, अशोक तिवारी, राजेश कुमार शुक्ला, विवेक कुमार श्रीवास्तव सहित अनेक विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं एसएसवी इंटर कॉलेज के शिक्षकगण उपस्थित रहे।