बसखारी अंबेडकर नगर। बृहद कलश शोभा यात्रा के साथ चार दिवसीय 9 कुण्डीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ वैदिक मंत्रोंच्चारण एवं राष्ट्र निर्माण एवं सनातन धर्म से संबंधित जय उद्घोष के साथ किया गया। 551 बहनों का लक्ष्य रखकर निकाली गई इस कलश शोभा यात्रा में भारी संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल रहे। शोभा यात्रा में गायत्री माता, राधा कृष्ण के साथ रथ पर सुशोभित भारत माता की झांकियां लोगों की आकर्षण का केंद्र रहीं। वैदिक मंत्र उच्चारण के बीच धार्मिक एवं राष्ट्र निर्माण के नारों के जय उद्घोष व तिरंगे व सनातन रंगों के झंडो से सुशोभित कलश शोभा यात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर पूरे शुकुल बाजार का भ्रमण करते हुए पुनः रामलीला मैदान पर आकर संपन्न हुई। इसके बाद कथा स्थल पर कलश को स्थापित करते हुए गायत्री माता की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कलश यात्रा का समापन किया गया। तत्पश्चात चार दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान मे प्रतिदिन शाम छः बजे से संगीतमयी प्रवचन कथा की अमृत रस वर्षा रामलीला मैदान शुकुल बाजार में करने की तैयारी आयोजक टीम के द्वारा शुरू कर दी गई ।26 दिसंबर को गायत्री महायज्ञ विविध संस्कार एवं दीप महायज्ञ के साथ कार्यक्रम के अंतिम दिन 27 दिसंबर को नवदम्पत्ति सम्मेलन, गायत्री महायज्ञ ,विविध संस्कार पूर्ण आहुति एवं टोली विदाई के साथ वृहद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम सुनिश्चित है। इस दौरान भारी संख्या में गायत्री परिवार से जुड़े लोगों के साथ स्थानीय श्रद्धालु व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उप निरीक्षक सुनील दत्त, सूरज कुमार, उप निरीक्षक विमलेश, महिला कांस्टेबल चंदा व बसखारी पुलिस व पुलिस चौकी लहटोरवा के कई जवान मौजूद रहे।