अंबेडकर नगर। जनपद के 26 परीक्षा केंद्रों पर कनिष्क सहायक, कनिष्क लिपिक एवं सहायक स्टार तृतीय की मुख्य परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने जनता इंटर कॉलेज महरुआ गोला एवं रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी सहित कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं परीक्षा ड्यूटी में लगे कार्मिकों को माननीय आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से परीक्षा कक्षों की निगरानी की और खुद भी परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों से संवाद कर यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।
परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु तैनात मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को भी जिलाधिकारी ने नियमित सतर्कता बरतने के निर्देश दिए ताकि परीक्षा में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो।
परीक्षा केंद्रों के भ्रमण के दौरान सभी स्थानों पर परीक्षा व्यवस्था संतोषजनक एवं शांतिपूर्ण पाई गई। जानकारी के अनुसार, जनपद में आयोजित परीक्षा में कुल 11,856 परीक्षार्थियों में से 6,473 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 5,191 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
जिलाधिकारी के निरीक्षण और प्रशासन की मुस्तैदी से यह सुनिश्चित हुआ कि जनपद में परीक्षा पूर्णत: पारदर्शिता, अनुशासन और सुरक्षा के साथ संपन्न हो।