Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यालिखित आश्वासन के बाद खत्म हुई न्याय महापंचायत, किसानों ने आंदोलन स्थगित...

लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुई न्याय महापंचायत, किसानों ने आंदोलन स्थगित किया


अयोध्या। गांधी पार्क में शुक्रवार को विभिन्न किसान संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा आयोजित न्याय महापंचायत प्रशासन के हस्तक्षेप और लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। महापंचायत में पहुंचे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, क्षेत्राधिकारी बीकापुर पीयूष कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर व सदर तथा थाना प्रभारी तारुन ने आयोजकों और प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी मांगों पर सहमति जताई।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि थाना तारुन और हैदरगंज में दर्ज मामलों में निष्पक्ष विवेचना की जाएगी और निर्दोष लोगों के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होगी। साथ ही शिवकुमार वर्मा, निवासी सोनोरा गांवपुर, की सुरक्षा को देखते हुए एक सप्ताह के भीतर शस्त्र लाइसेंस जारी करने का भरोसा भी दिया गया। इन बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद आयोजकों ने न्याय महापंचायत समाप्त करने की घोषणा कर दी।

महापंचायत को सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल, सरदार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर.एस. पटेल, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा, अपना दल बलिहारी के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मराज पटेल, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, सपा नेता विजय बहादुर वर्मा सहित कई दलों के नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने फर्जी मुकदमे वापस लेने और किसानों को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।

महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान महिला-पुरुष मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुटता का प्रदर्शन किया। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन अपने आश्वासनों से पीछे हटा तो आंदोलन को फिर से तेज किया जाएगा। न्याय महापंचायत की अध्यक्षता बीकापुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मायाराम वर्मा ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय लोकदल नेता राम शंकर वर्मा ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments