जलालपुर अंबेडकर नगर। क्षेत्र में हरे पेड़ों की अवैध कटाई पर रोक लगाने के विभागीय दावों के बीच गौरा कमल गांव में पीपल का एक विशाल व पुराने वृक्ष को काट दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने जब प्रतिबंधित पीपल के पेड़ की कटाई देखी तो इसकी सूचना तत्काल वन क्षेत्राधिकारी स्नेह कुमार को दी। सूचना पर हल्का वनरक्षक अभिनव सिंह व वनरक्षक बृजेश यादव को मौके पर भेजा गया। जांच में पता चला कि पेड़ को आजमगढ़ जनपद के पवई का एक ठेकेदार कटवा रहा था।
वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए ठेकेदार के खिलाफ सख्ती दिखाई और उस पर 50 हजार का जुर्माना लगा दिया। साथ ही काटी गई लकड़ी को स्थानीय ग्रामीणों की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी अश्विनी कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। जांच में ठेकेदार की गलती सामने आने पर तत्काल जुर्माना व विधिक कार्रवाई की गई है।
उधर ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हरे पेड़ों की अवैध कटाई की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से समय पर गश्त और निगरानी न होने के कारण कटाई रोकने में कठिनाई आ रही है। ग्रामीणों ने विभाग से सख्त और नियमित कार्रवाई की मांग की है।