अयोध्या। विश्व आयुर्वेद परिषद के प्रयासों से राम मंदिर परिसर में भगवान धन्वंतरि की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होने पर परिषद ने तीर्थ क्षेत्र पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर परिषद के चिकित्सक प्रकोष्ठ प्रदेश सहप्रभारी पंकज श्रीवास्तव, मुख्य संरक्षक (अयोध्या) आनंद उपाध्याय और चिकित्सक प्रकोष्ठ अयोध्या से विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास और सदस्य अनिल मिश्रा का सम्मान किया।
परिषद की ओर से बताया गया कि राम जन्मभूमि में प्राण-प्रतिष्ठा के समय से ही धन्वंतरि स्थापना के लिए लगातार अनुरोध और प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में स्थापना का प्रयास सफल होने पर परिषद ने अभिनंदन श्रृंखला की शुरुआत की है।
अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधियों ने तीर्थ क्षेत्र अध्यक्ष और सदस्य को अभिनंदन पत्र, भगवान धन्वंतरि की लघु प्रतिमा और अंगवस्त्र भेंट कर आयुर्वेद चिकित्सक समुदाय की ओर से आभार व्यक्त किया। परिषद पदाधिकारियों ने इसे आयुर्वेद परंपरा के सम्मान और स्वास्थ्य चेतना के प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।