अम्बेडकरनगर। जनपद के पौराणिक तीर्थस्थल श्रवण क्षेत्र धाम में आगामी 18 से 20 जनवरी तक आयोजित होने वाले भव्य श्रवण धाम महोत्सव–2026 को सकुशल, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में नोडल अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से श्रवण धाम को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने महोत्सव के लिए गठित 25 समितियों के नोडल अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और समय-सीमा के भीतर दायित्व पूर्ण करें।
डीएम ने मंच व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, श्रद्धालुओं के आवागमन व बैठने की व्यवस्था, अतिथियों के आवास, स्वागत एवं मीडिया समन्वय जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को लेकर प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने कहा कि यह महोत्सव जनपद की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई देगा। बैठक में एडीएम, एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारी तथा सभी समितियों के नोडल एवं सहनोडल अधिकारी मौजूद रहे।