अयोध्या/ अम्बेडकर नगर। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित कृषि सहित अन्य परीक्षाओं के दौरान अम्बेडकरनगर स्थित बीएनकेबी महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर औचक निरीक्षण को लेकर विवाद गहरा गया है। शिक्षक संगठन ने उपजिलाधिकारी पर परीक्षा केंद्र पर दुर्व्यवहार और असंसदीय भाषा के प्रयोग का आरोप लगाया है। वहीं, प्राचार्य व दो शिक्षकों पर दर्ज एफआईआर के विरोध में शिक्षकों ने आंदोलन तेज कर दिया है।
इसी क्रम में अवध विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ कार्यकारिणी एवं अवध विश्वविद्यालय संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पदाधिकारियों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए एफआईआर वापस लेने की मांग की। साथ ही शिक्षकों ने अवध विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर मंडलायुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
मामले में 5 फरवरी को जिला प्रशासन ने प्राचार्य तथा दो शिक्षकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4), 319 (2), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2008 की धारा 65 तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश 2004 की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इस कार्रवाई से शिक्षक नाराज है।
शिक्षक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मांगें नहीं मानीं तो विश्वविद्यालय से संबद्ध सातों जिलों के शिक्षक परीक्षा, मूल्यांकन और शिक्षण से जुड़े सभी कार्यों का बहिष्कार करते हुए व्यापक आंदोलन करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक और धरना कार्यक्रम में अध्यक्ष डॉ. जनमेजय तिवारी, महामंत्री प्रो. अमूल्य कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।