अयोध्या । डा. भीमराव अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल स्टेडियम, डाभासेमर अयोध्या में सोमवार को प्रदेश स्तरीय महिला खेल समारोह – एथलेटिक्स एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता (वर्ष 2025-26) का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने किया।
कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 18 मंडलों की टीमों से आई लगभग 500 महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि का स्वागत अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षिका रंजना गुप्ता, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अनिमेष सक्सेना और उपक्रीड़ाधिकारी विवेक कुमार ने पुष्पगुच्छ व बैज लगाकर किया। उपक्रीड़ाधिकारी शकील अहमद अंसारी ने क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी का स्वागत किया।
जिलाधिकारी ने कहा – शिक्षा के साथ खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का सबसे अहम माध्यम है। खेलों से न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास होता है। यह टीम वर्क, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, समस्या समाधान और खेल भावना जैसे जीवन कौशल सिखाते हैं।
उद्घाटन अवसर पर 800 मीटर दौड़ का रोमांचक मुकाबला भी सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली खिलाड़ियों को जिलाधिकारी ने पुरस्कृत किया। इस दौरान विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, मानदेय प्रशिक्षक-प्रशिक्षिकाएँ, निर्णायक मंडल तथा खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।