◆ सांसद अवधेश प्रसाद बोले- लाठीचार्ज का हिसाब 2027 में होगा
अयोध्या। यूरिया खाद की किल्लत, कालाबाजारी, छुट्टा मवेशियों का आतंक और किसानों की जमीन अधिग्रहण जैसे मुद्दों पर सोमवार को समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया। प्रेस क्लब से सांसद अवधेश प्रसाद के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा और सरकार पर किसानों के प्रति अन्याय का आरोप लगाया।
इससे पूर्व सभा को संबोधित करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद ने दो टूक कहा – “यदि जनपद में किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराई गई और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 28 अगस्त से तहसील स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू होगा, जिसकी शुरुआत मिल्कीपुर से की जाएगी। छुट्टा मवेशी किसानों की फसलें ही नहीं बर्बाद कर रहे, बल्कि लोगों की जान भी ले रहे हैं। भाजपा सरकार इस पर पूरी तरह फेल है।
सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि “खाद के लिए लाइन में खड़े किसानों पर जिस तरह लाठियां बरसाई जा रही हैं, उसका हिसाब 2027 में जनता जरूर करेगी। एक-एक लाठी का बदला लिया जाएगा।”
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा – खाद के बदले किसानों को लाठियां मिल रही हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और भाजपा सरकार के तानाशाही रवैये का परिचायक है। कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है, प्रदेश में जंगलराज कायम है।
सपा प्रवक्ता लवलेश पांडे ने बताया कि ज्ञापन में किसानों को तुरंत खाद उपलब्ध कराने, कालाबाजारी पर रोक लगाने, बिजली आपूर्ति सुधारने, जबरन जमीन अधिग्रहण पर रोक लगाने और छुट्टा मवेशियों से निजात दिलाने जैसी मुख्य मांगें उठाई गई हैं।
इस विरोध में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें बख्तियार खान, श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, हामिद जाफर मीशम, अब्बास अली जैदी उर्फ़ रुश्दी मियां, हाजी फिरोज खान गब्बर, राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, राम अचल यादव, रामजी पाल, एजाज अहमद, जेपी यादव, ओपी पासवान, सरोज यादव, रामसागर वर्मा, शोएब खान, शुभम वर्मा, सियाराम यादव, हाजी अमानत अली, अमरनाथ यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।