अयोध्या। सपा नेता राजा मान सिंह के कार्यालय/भवन को शुक्रवार को प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया। इसकी कीमत 2 करोड रूपये बताई जा रही है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को लगभग 14 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की जा चुकी थी। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी सोहावल के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने की।
प्रशासनिक कार्रवाई न्यायालय और जिला मजिस्ट्रेट अयोध्या के आदेश के अनुपालन में की गई। एसडीएम सोहावल की उपस्थिति में थाना रामजन्मभूमि पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस के अनुसार राजा मान सिंह के खिलाफ वर्ष 2017 से 2025 के बीच धोखाधड़ी, रंगदारी, डकैती, मारपीट, धमकी, चुनाव आचार संहिता उल्लंघन, महामारी अधिनियम, अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इतना ही नहीं, उनकी पत्नी नीतू सिंह के विरुद्ध भी वर्ष 2025 में दर्ज नौ मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। इन मामलों में रंगदारी, लूट, धोखाधड़ी और संगठित अपराध से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि राजा मान सिंह एक संगठित गिरोह का सरगना है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। गिरोह पर जमीन बेचने के नाम पर डकैती, उगाही और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप हैं। बताया गया है कि इस गिरोह के सदस्य अयोध्या, सुल्तानपुर, बाराबंकी, कानपुर और बस्ती जनपदों में सक्रिय रहे हैं।