अयोध्या। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न समारोहों में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह ‘अनूप’ ने भाग लेकर ध्वजारोहण किया और उपस्थित जनसमुदाय को लोकतंत्र के इस महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन हमारे उन वीर सपूतों के बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
राघवेंद्र प्रताप सिंह ने अनुभव पब्लिक स्कूल कोटसराय, सीडीएस पटेल इंटर कॉलेज, सराय नामू, आनंद महल सिडहिर सहित क्षेत्र के कई संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने विद्यालयों के प्रबंधकों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
समारोहों में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें गीत, नृत्य, कविताएं और नाट्य मंचन शामिल थे। सपा नेता ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को देशभक्ति, अनुशासन और शिक्षा के मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए, क्योंकि यही राष्ट्र निर्माण की सच्ची नींव है।
कार्यक्रमों में सभी विद्यालयों के प्रबंधक, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रत्येक स्थान पर राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनहित और विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और स्वतंत्रता दिवस जैसे पर्व समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं।