जलालपुर, अम्बेडकर नगर। गैस एजेंसी के बजाय निजी आवास से गैस सिलेंडर वितरित किए जाने की सूचना पर बुधवार को उपजिलाधिकारी जलालपुर राहुल गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उनके साथ पूर्ति निरीक्षक एडी भास्कर भी मौजूद रहे। जांच के दौरान एजेंसी संचालक को निर्धारित एजेंसी परिसर से ही गैस वितरण करने की सख्त हिदायत दी गई।
जानकारी के अनुसार मगुराडीला स्थित आर.एम. भारत गैस एजेंसी के संचालक द्वारा अपने निजी आवास से गैस सिलेंडर वितरित किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। इसी दौरान गैस की कालाबाजारी किए जाने की भी अफवाह फैल गई थी, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी जलालपुर राहुल गुप्ता ने तत्काल पूर्ति विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान एजेंसी संचालक अपने आवास से सिलेंडर वितरित करते हुए पाया गया।
एसडीएम राहुल गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साथ ही गैस एजेंसी संचालक को निर्देश दिया गया है कि गैस सिलेंडरों का वितरण केवल अधिकृत एजेंसी परिसर से ही किया जाए। यदि जांच में अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।