जलालपुर, अम्बेडकरनगर। शनिवार को जलालपुर तहसील के सभागार में एडीएम न्यायिक रंजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस के मौके पर विभिन्न समस्याओं को लेकर फरियादियों की लंबी कतार देखने को मिली। कुल 100 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के चुरैला अरई गांव निवासी अंकित व रामअशीष ने शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि ग्राम सभा की जमीन, जो खाद गड्ढा व खलिहान के नाम दर्ज है, उस पर विपक्षियों द्वारा जबरन करकट रख दिया गया है और रास्ता बंद कर दिया गया है। उन्होंने मांग की कि उक्त करकट को तत्काल हटवाया जाए। वहीं, मालीपुर थाना क्षेत्र के धमरूआ पेठिया निवासी हौसला प्रसाद ने शिकायत की कि वे अपने पुश्तैनी खतौनी की जमीन पर मकान निर्माण करा रहे हैं, लेकिन विपक्षी उन्हें जबरदस्ती रोक रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा दिलाने की मांग की। उस्मापुर निवासी अली इमाम ने विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायत करते हुए कहा कि वे एक गरीब व्यक्ति हैं और न कभी उनके यहां लूम चला और न ही चल रहा है, फिर भी उनके नाम से ₹1,19,806 का भारी-भरकम बिजली बिल जारी कर दिया गया है, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं। बड़ागांव के चौबेपुर गांव निवासी सुधांशु गौड़ ने शिकायत की कि गांव के तालाब पर कुछ लोगों द्वारा मिट्टी डालकर अवैध कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से निशानदेही कर कब्जा हटवाने की मांग की। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्यामदेव, उपजिलाधिकारी पवन कुमार जायसवाल, क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह, कटका थानाध्यक्ष प्रेमचंद, मालीपुर थानाध्यक्ष स्वतंत्र मौर्य, सीडीपीओ शेषनाथ वर्मा, नगर पालिका जलालपुर के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एडीएम न्यायिक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का शीघ्र और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को त्वरित न्याय मिल सके।