Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यानगर निगम की बैठक में हंगामा, दोनो पक्षों के पार्षदों ने लगाए...

नगर निगम की बैठक में हंगामा, दोनो पक्षों के पार्षदों ने लगाए नारे 


◆ नई कार्यकारिणी का चुनाव कराने की घोषणा पर सपा पार्षदों ने किया हंगामा


◆ स्वच्छता सर्वेक्षण में 28 वीं रैंक आने पर सदन ने ध्वनिमत से जताई प्रसन्नता


अयोध्या। आयुक्त कार्यालय स्थित गांधी सभागार में आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक में जोरदार हंगामा हुआ। नई कार्यकारिणी का चुनाव कराने की घोषणा के बाद पूरा सभागार नारो की ध्वनि मे तब्दील हो गया। सत्ता पक्ष व विपक्ष के पार्षद नारों के माध्यम से एक दूसरे का विरोध करने लगे। विरोध कर रहे सपा के पार्षदों ने भाजपा के पार्षदों के अपने साथ होने व मामले को लेकर सोमवार को मण्डलायुक्त को ज्ञापन देने की बात कही है।


 


                  चर्चा की शुरुआत में विपक्षी पार्षद दल के नेता विशाल पाल ने कार्यवृत्ति की उपलब्धता का मसला उठाया। इसके बाद विनय जायसवाल ने एक अप्रैल से 25 जुलाई तक के आय-व्यय का विवरण मांगा। चर्चा आगे बढ़ी तो पूर्व उपसभापति जय नारायण सिंह ’रिंकू’ ने कार्यकारिणी के चुनाव का मुद्दा उठाया। इस पर विशाल पाल एवं रामभवन यादव ने आपत्ति जताई, जिस पर भाजपा पार्षद बृजेंद्र सिंह, अनूप दास, चंदन सिंह आदि ने चर्चा में भाग लेते हुए विरोध जताया। रिंकू सिंह ने कहा कि जो कार्यकारिणी कालातीत हो चुकी है, वह सदन को संचालित नहीं कर सकती।
अनुज दास ने कहा कि जब कार्यकारिणी ही अल्पमत में है तो सदन के संचालन का कोई औचित्य नहीं है। बृजेंद्र सिंह ने सबसे पहले कार्यकारिणी के चुनाव पर निर्णय लिए जाने पर जोर दिया। महापौर ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन के बाद सदन का संचालन सुचारु रूप से किया जाएगा। उन्होंने 15 से 20 दिन में विधिक राय लेकर नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया। इसके साथ ही बैठक स्थगित करने की घोषणा की। वहीं दूसरी तरफ विपक्षी पार्षद कार्यकारिणी का कार्यकाल एक वर्ष का होने का दावा करते हुए उसे महज करीब दो से तीन महीने बाद भंग करने की बात कह रहे थे। जिसके बाद सभागार हंगामें में तब्दील हो गया।


सोमवार को मण्डलायुक्त को सर्वदलीय ज्ञापन देंगें पार्षद – विशाल पाल


सपा पार्षद विशाल पाल ने बताया कि नगर निगम की सामान्य बैठक थी। जिसमें जनसमस्याओं का निस्तारण होना था। कुछ पार्षदों ने कार्यकारिणी के चुनाव के नाम पर हंगामा व अधिनियम के विपरीत बात करना शुरु कर दिया। अभी तीन माह पूर्व ही एजेन्डे से कार्यकारिणी का चुनाव जारी किया गया। कार्यकारिणी के चुनाव के बाद उपसभापति का भी चुनाव हुआ। उपसभापति के पिछड़ी जाति का होना कुछ लोगो को हजम नहीं हो रहा है। आज उसको अपमानित करने का सोचा। बोर्ड की बैठक को हमारा आदेश कहकर स्थगित कर दिया।

उन्होंने कहा कि करीब दो माह पूर्व आप कार्यकारिणी का चुनाव कराते है। जिसका एक वर्ष का कार्यकाल होता है। नये आने वाले मेम्बर का दो वर्ष का कार्यकाल होता है। लेकिन यहां किसके आदेश पर काम किया जा रहा है। जनसमस्याओं को सुनने बैठे है या कुछ मठाधीशो के साथ राजनीति करने बैठे है। सोमवार को मण्डलायुक्त को सर्वदलीय ज्ञापन देंगे। सदन से निर्वाचित होने की एक प्रक्रिया है। आप जब चाहोगे कार्यकारिणी गठन कर दोगे, जब चाहोगे अयोग्य घोषित कर दोगे। दो महीने पहले कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। तानाशाही करके कार्यकारिणी को अयोग्य व भंग मान लेंगे।


विधिक राय लेते हुए कराया जाएगा कार्यकारिणी- महापौर



महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि बोर्ड की बैठक में कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर मतभेद था। इसलिए निर्णय लिया गया, इसमें विधिक राय लेते हुए कार्यकारिणी का चुनाव कराकर फिर आगे बोर्ड की बैठक बुलाएंगे। सपा की आदत अयोध्या में विसंगतियां दिखाने की है। सपा चाहती है लोकतांत्रिक ठंग से न होकर एक परिवार के लोग बने रहे। जैसा उनका राष्ट्रीय नेतृत्व है। उसी तरह का यहां भी चाहते है। लोकतांत्रित तरीके से निर्वाचित प्रतिनिधि आए जाएंगे। हम उनकी बैठक कराएंगे।


टाप टेन नगर निकायों में शामिल होने का लिया गया संकल्प


महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक में नगर आयुक्त जयंत कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ एवं भारत कुमार का परिचय कराया गया। इस मौके पर विधायक वेद प्रकाश गुप्त, सांसद प्रतिनिधि जाफर मीसम मौजूद रहे। इसके बाद महापौर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में 28 वां स्थान आने पर नगर की जनता, पार्षद गण और कर्मचारियों की सराहना की। उनके प्रस्ताव पर सदन ने ध्वनि मत से अगले वर्ष देश के टॉप 10 नगर निकायों में शामिल होने के लिए और सजगता से कार्य करने का संकल्प जताया गया।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उम्मीद के अनुरूप स्वच्छता के मामले में अयोध्या को नंबर वन बनाने के लिए हम सबको तकनीकी खामियां दूर कर तेजी से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने सामुदायिक व निजी शौचालयों में सुधार की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि पिरखौली का प्लांट चालू होने पर हम स्वच्छता के मामले में टॉप टेन में आ जाएंगे। बैठक का संचालन सीटीओ गजेंद्र सिंह ने किया। सदन की बैठक में उपसभापति राजेश गौड़, संतोष सिंह, अखिलेश पांडेय, गरिमा मौर्य, आभा पांडेय, रंजन यादव, सुल्तान अंसारी, मिथिलेश मिश्र, सुमन यादव, अर्चना श्रीवास्तव आदि पार्षदों ने हिस्सा लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments