अयोध्या। जिले की मवई और तारुन थाना क्षेत्रों में हुई लूट व चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। दोनों मामलों में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और चोरी-लूट के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
मवई में दंपति से लूट, दो आरोपी दबोचे
थाना मवई क्षेत्र में बाइक सवार दंपति से लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले दो लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपीयों ने दंपति पर हथौड़े से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था और पीछे बैठी महिला के गले से सोने की लॉकेट झपटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 48 घंटे में द्वारिका पुत्र रामकिशुन रावत 47 वर्ष ग्राम रजनपुर मवई व उमेश कुमार लोधी पुत्र परमेश्वर लोधी 35 वर्ष ग्राम कछिया, मवई को पकड़ लिया और लूटी गई लॉकेट भी बरामद कर ली है।
तारुन में सर्राफा दुकान में चोरी, एक गिरफ्तार
वहीं, तारुन थाना क्षेत्र में 27 जून की रात एक सर्राफा व्यवसायी की दुकान का ग्रिल तोड़कर चोरी की गई थी। चोरों ने दुकान से ₹1000 नकद, चांदी के सिक्के और कुछ चांदी के आभूषण के टुकड़े चोरी किए थे। पुलिस ने मामले में मोनू निषाद नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर चोरी गए चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।