जलालपुर अंबेडकर नगर। तहसील क्षेत्र के भस्मा गांव में रास्ता बंद किए जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पीड़ित दिलीप कुमार ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने बताया कि उसके मकान से सटा हुआ एक पुराना रास्ता है, जिसका उपयोग पूरे गांव के लोग आवागमन के लिए करते हैं। यह गांव का एकमात्र रास्ता है, लेकिन अजय पुत्र हौसला ने दीवार खड़ी कर इसे पूरी तरह से बंद कर दिया है। इससे न सिर्फ लोगों का आना-जाना बाधित हो गया है बल्कि बरसात का पानी भी नहीं निकल पा रहा है। रास्ता बंद होने के कारण पानी का जमाव होने लगा है, जिससे कीचड़ और मच्छरों की समस्या बढ़ गई है। ग्रामीणों को संक्रमण और बीमारी फैलने का भी खतरा महसूस हो रहा है।
पीड़ित ने बताया कि मामले की शिकायत तहसील दिवस में भी की गई थी, लेकिन क्षेत्रीय लेखपाल ने विपक्षी के दबाव में आकर बिना स्थल निरीक्षण किए गलत आख्या लगा दी। इसी कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शीघ्र हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो सके।