अयोध्या। आगामी 5 अप्रैल को आयोजित होने वाले 14वें महाराजा निषाद राज जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रेस क्लब में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अरुण निषाद पहलवान ने की, जिसमें निषाद समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में आगामी जयंती समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से श्यामलाल निषाद को अगले दो वर्षों के लिए पुनः अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया। इस अवसर पर समाज के सदस्यों ने उन्हें फूल-मालाएं और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके नेतृत्व में समाज के संगठन को और मजबूत करने का विश्वास जताया।
इस मौके पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष के रूप में मंजू निषाद और महानगर अध्यक्ष के रूप में किरण निषाद को जिम्मेदारी देने की भी घोषणा की गई।
5 अप्रैल को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
दोबारा अध्यक्ष चुने जाने के बाद श्यामलाल निषाद ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह समाज के प्रत्येक सदस्य के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल को महाराजा निषाद राज जयंती समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होकर सिविल लाइन स्थित बड़े डाकखाने पर पहुंचकर समाप्त होगी। वहां एक विशाल समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह भी संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में डॉ. नानक शरण, दुर्गेश निषाद, मनीराम निषाद, गंगाराम निषाद, रामबहोर निषाद, प्रदीप निषाद, भगवानदीन निषाद, श्याम बिहारी निषाद, जल्दू निषाद, पवन निषाद, कुश निषाद, अरविंद निषाद, मुकेश प्रधान, रामचंद्र प्रधान, हरिप्रसाद निषाद, मंसाराम प्रधान, रामकृष्ण प्रधान, आसाराम निषाद, मोतीराम निषाद, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष आसाराम, राजकुमार निषाद, राजा बाबू, लाला निषाद, गुरु प्रसाद, जीतू निषाद, सीटू निषाद सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और पदाधिकारी मौजूद रहे।