अयोध्या। नगर निगम में आयोजित संभव कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को शहरवासियों ने अपनी समस्याएँ रखीं। कुल 18 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 11 मामलों का तत्काल समाधान कराया गया। शेष सात शिकायतें नाली व सड़क निर्माण से संबंधित थीं, जिनकी जांच कर अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समाधान समयबद्ध तरीके से और गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान सफाई व्यवस्था, जल निकासी, एंटी लार्वा छिड़काव, पेयजल संकट, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। कई शिकायतों पर निर्देश देकर कर्मचारियों को तुरंत कार्यवाही के लिए भेजा गया।
कार्यक्रम में अश्विनीपुरम निवासी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने आरसीसी सड़क निर्माण की मांग की, जबकि आदित्य उपाध्याय ने वजीरगंज चेला छावनी में नाले की मरम्मत की आवश्यकता रखी। पप्पू सोनकर ने पेयजल समस्या उठाई। व्यापार मंडल की ओर से बाजाजा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व उपसभापति जय नारायण सिंह रिंकू, पार्षद अनुज दास, रमाशंकर निषाद, अनूप श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी और अधिशासी अभियंता भारत सिंह उपस्थित रहे।