जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय गोवध व गो-तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत नामजद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से गो-तस्करी से जुड़े गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, जिन आरोपियों पर उत्तर प्रदेश समाजविरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, उनमें तैयब पुत्र जाहिद, अकमल पुत्र ऐनुल, मकसूद पुत्र जलील निवासी रामनगर रायपुर थाना अखंडनगर जनपद सुल्तानपुर, सिराज अली पुत्र मोहम्मद अली निवासी धवरूआ बाजार थाना मालीपुर, सौरभ मिश्रा पुत्र दिलीप मिश्रा निवासी प्यारेपुर सारंगपुर प्रहलाद पट्टी थाना अहिरौली तथा नबी अहमद उर्फ मास्टर पुत्र कमरुद्दीन निवासी रन्नूखां का पूरा जलालपुर हैं।
पुलिस ने बताया कि उपरोक्त सभी आरोपी गोवध और गो-तस्करी से जुड़े कई मामलों में पूर्व से वांछित चल रहे थे। गिरोह बनाकर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस की विशेष टीम काफी समय से इनके मूवमेंट पर नजर रख रही थी। पुख्ता साक्ष्य जुटने के बाद सभी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में कड़ी कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष मालीपुर स्वतंत्र कुमार मौर्य ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गोवध या गो-तस्करी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।