अयोध्या। मकर संक्रांति के अवसर पर रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ उत्तरायण की शुरुआत पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू तट पहुंचे। अनुमान के अनुसार करीब पांचलाखश्रद्धालुओं ने पवित्र सरयू नदी में स्नान कर दान-पुण्य किया।
ब्रह्म मुहूर्त से ही सरयू घाटों पर स्नान का क्रम शुरू हो गया। ठंड के बावजूद श्रद्धालु सुबह चार बजे से घाटों पर पहुंचने लगे। अयोध्या के साथ-साथ अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, गोंडा और बस्ती समेत आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु पहुंचे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने तिल-गुड़ और खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण किया।
स्नान उपरांत बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां रामलला को खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया। हनुमानगढ़ी मंदिर में भी दिनभर दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने पर्व को आस्था और परंपरा के अनुसार मनाया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा सरयू घाटों पर इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पुलिस बल, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग की गई और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई।
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। वहीं जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक तैयारियां की गई थीं। उन्होंने बताया कि आगामी स्नान पर्व मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।