अंबेडकरbनगर। पूरे जनपद में शुक्रवार को करवा चौथ का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु के लिए दिनभर निर्जला व्रत रखकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की। शाम होते ही बाजारों से लेकर घरों तक सजधज और उमंग का माहौल देखने को मिला।
सुहागिनों ने लाल और गुलाबी परिधानों में सजकर हाथों में मेहंदी, चूड़ियाँ और सिंदूर से सोलह श्रृंगार किया। जगह-जगह महिलाओं ने करवा चौथ की कथा सुनी और पारंपरिक गीतों के साथ पूजा सम्पन्न की। रात होते ही जैसे ही आसमान में चाँद निकला, सभी महिलाओं ने छलनी से चाँद का दीदार किया और अपने पतियों की आरती उतारकर व्रत खोला।
जिनके पति बाहर थे, उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से चाँद का दीदार कर व्रत का समापन किया। इस दौरान भावनात्मक दृश्य देखने को मिले। वहीं, व्रतधारी महिलाएं सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहीं—कईयों ने अपनी सजधज, पूजा और चाँद देखने के फोटो-वीडियो साझा किए, जिन पर शुभकामनाओं की बाढ़ सी आ गई।
नगर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा का आयोजन किया। मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही। वहीं, ब्यूटी पार्लर और साड़ियों की दुकानों पर भी महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। त्योहार के दौरान नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क दिखा। पूरे दिन करवा चौथ का उल्लास जनपदभर में छाया रहा।