◆ सुहागिनों ने पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना कर किया व्रत
अंबेडकर नगर। सावन-भादो के पावन मिलन पर्व हरतालिका तीज पर जिले के ऐतिहासिक व पवित्र स्थल शिवबाबा धाम में मंगलवार देर शाम श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। खासकर सुहागिन महिलाओं ने पूरे दिन निर्जल व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की आराधना की।
शाम ढलते ही मंदिर प्रांगण सुहागिनों की कतारों से गुलजार हो उठा। लाल, हरे और पीले परिधानों में सजी महिलाएं सोलह श्रृंगार कर पूजा की थालियों के साथ पहुंचीं और जयकारों के बीच शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और गंगाजल अर्पित किया। मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और मंगल गीतों से देर रात तक गूंजता रहा।
माना जाता है कि हरतालिका तीज के दिन माता पार्वती ने कठोर तपस्या कर भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त किया था। इसी परंपरा को निभाते हुए विवाहित महिलाएं यह व्रत रखती हैं और पति की लंबी आयु, दांपत्य सुख तथा अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं। भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की थी। जगह-जगह प्रकाश की व्यवस्था की गई और महिलाओं के बैठने व पूजा करने हेतु अलग से पंडाल बनाए गए। आस्था और श्रद्धा से सराबोर माहौल ने शिवबाबा धाम को पूरी तरह दिव्य और आध्यात्मिक बना दिया।