Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारी नदारद, जनता मायूस

संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारी नदारद, जनता मायूस

0
10

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। तहसील जलालपुर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों की अनुपस्थिति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। आम जनता अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंची, लेकिन अधिकांश अधिकारी नदारद रहे। कार्यक्रम की कार्यवाही केवल नायब तहसीलदार हरिराम की मौजूदगी में संपन्न हुई।

लोगों का कहना था कि जब अधिकारी ही मौजूद नहीं रहेंगे तो फिर समस्याओं का समाधान कैसे होगा। अधिकारियों की अनुपस्थिति से संपूर्ण समाधान दिवस की उपयोगिता पर सवाल उठने लगे हैं।

इस दौरान कई फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। मालीपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर निवासी विजय बहादुर ने शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि ग्राम सभा के मोहम्मद सलीम ने तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। शिकायत के बावजूद न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही लेखपाल ने रिपोर्ट दी। उन्होंने तत्काल कब्जा हटवाने की मांग की।

वहीं, सलाहुद्दीनपुर निवासी रवींद्रनाथ ने शिकायत की कि उनकी खतौनी से सटी नाली पर पड़ोसी ग्रामीणों ने कब्जा कर लिया है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो गया है। उन्होंने प्रशासन से पैमाइश कर नाली को कब्जे से मुक्त कराने की मांग की। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार, मालीपुर थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य सहित अन्य विभागों के कुछ कर्मचारी मौजूद रहे। उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि वे फार्मर रजिस्ट्री कार्य में व्यस्त होने के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रह सके, हालांकि पूर्व में मौजूद थे। जनता का कहना है कि समाधान दिवस का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब अधिकारी समय से उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका निस्तारण करें। स्थानीय लोगों ने मांग की कि भविष्य में उच्चाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि संपूर्ण समाधान दिवस वास्तव में संपूर्ण समाधान का माध्यम बन सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here