अयोध्या । तहसील मिल्कीपुर में नए उप निबंधक कार्यालय (सब रजिस्ट्रार ऑफिस) का निर्माण कार्य जारी है। लगभग 2.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन विभिन्न सुविधाओं से युक्त होगा। वर्तमान में उप निबंधक कार्यालय सिंचाई विभाग के भवन में अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है, जहां स्थान और सुविधाओं की कमी की समस्या बनी रहती है।
जानकारी के अनुसार भवन निर्माण कार्य 11 सितंबर 2024 से शुरू हुआ था। इसका निर्माण उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की निर्माण इकाई-चार द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना के तहत सिविल, विद्युत, जलापूर्ति, सेनिटरी तथा बाह्य विकास से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
परिसर में मिलेंगी विभिन्न सुविधाएं
नए कार्यालय परिसर में ट्यूबवेल, पंप रूम, बाउंड्री वॉल, एमएस गेट, टॉयलेट ब्लॉक, कैंटीन, शेड, सोलर जनरेटर सिस्टम, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग रोड, आंतरिक व स्टॉर्म वाटर ड्रेन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, बाह्य विद्युतीकरण, मिट्टी भराई और बाहरी विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा फायर फाइटिंग सिस्टम और आंतरिक विद्युतीकरण भी किया जाएगा।
लंबे समय से अस्थायी व्यवस्था में चल रहा कार्यालय
मिल्कीपुर तहसील मुख्यालय वर्ष 1995 में स्थापित होने के बाद से उप निबंधक कार्यालय अस्थायी भवन में संचालित हो रहा है। परिसर तक पहुंचने में जलभराव और कीचड़ जैसी समस्याओं की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। नए भवन के बनने से इन समस्याओं में सुधार होने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के अनुसार निर्माण कार्य की समय-सीमा 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इसके पूरा होने के बाद कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित कर संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे मिल्कीपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुविधा मिलने की संभावना है।