अम्बेडकर नगर। तीन बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में बसखारी पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। विषाक्त पदार्थ खिलाने के आरोप में पुलिस ने मृतका की सास और देवरानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना गुरुवार की रात लगभग दस बजे की बताई जा रही है, जब बसखारी क्षेत्र के एक गांव निवासी मधु देवी (32) पत्नी संजय कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवारजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल बसखारी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी, फिर मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर और अंततः ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। लेकिन लखनऊ पहुंचने से पहले ही रास्ते में मधु ने दम तोड़ दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता इंद्रबली और भाई मनीष निवासी भिदूण समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि मधु ने मौत से पहले दिए अपने बयान में सास ज्ञानमती (65) और देवरानी रंजना देवी पर जहर खिलाने का आरोप लगाया था। इस बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है, हालांकि उसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मृतका के पिता की तहरीर पर बसखारी थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे ने महिला पुलिस टीम के साथ शुकुल बाजार मरौचा तिराहे के पास से दोनों को दबोच लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष पांडे ने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है तथा घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।