अयोध्या। चौदह कोसी परिक्रमा के पावन अवसर पर अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने परिक्रमा पथ पर लगे विभिन्न सेवा कैम्पों का दौरा कर श्रद्धालुओं की सेवा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों विधायकों ने सूर्यकुंड, दर्शननगर, हनुमानगढ़ी नाका, सहादतगंज, लक्ष्मण घाट, नयाघाट, भीखापुर सहित अनेक स्थलों पर पहुंचे कैम्पों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और परिक्रमार्थियों से संवाद किया।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि “परिक्रमा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की भावना का जीवंत उदाहरण है। श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।” वहीं विधायक अभय सिंह ने कहा कि “परिक्रमा मार्ग पर लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों का समन्वय अनुकरणीय है। सेवा ही सच्ची भक्ति है।”
दोनों विधायकों ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर चिकित्सा, सुरक्षा, जलपान और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। परिक्रमा पथ पर “जय श्रीराम” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मौके पर भाजपा कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।