Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरफतेहपुर घटना के विरोध में लेखपालों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर घटना के विरोध में लेखपालों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन


अंबेडकर नगर। जनपद फतेहपुर की तहसील बिंदकी में अधिकारियों के उत्पीड़न से दुखी होकर लेखपाल सुधीर कुमार द्वारा की गई आत्महत्या के विरोध में जलालपुर तहसील के लेखपालों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। तहसील प्रांगण में जुटे लेखपालों ने मृतक लेखपाल को श्रद्धांजलि देते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

धरना स्थल पर लेखपाल संघ ने छह सूत्रीय मांग पत्र तैयार कर उपजिलाधिकारी को सौंपा। मांग पत्र में कहा गया है कि आत्महत्या के लिए जिम्मेदार मुख्य आरोपी पीसीएस अधिकारी संजय कुमार सक्सेना का नाम एफ आई आर में दर्ज किया जाए तथा मृतक लेखपाल की माता को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग भी उठाई गई।

लेखपालों ने एसआईआर की अंतिम तिथि बढ़ाने, कम समय में अत्यधिक दबाव डालकर कार्य न कराए जाने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ सद्व्यवहार और संवेदनशीलता अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। संघ ने मांग की कि इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ।

इसके अलावा सामान्य/उपनिर्वाचन एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारियों को एक माह के वेतन के बराबर प्रोत्साहन मानदेय देने तथा निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारियों की भांति समान सूचीबद्ध किए जाने की मांग भी रखी गई।

धरने में शामिल लेखपालों का कहना था कि अत्यधिक दबाव और उत्पीड़न की स्थिति में कार्य करना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मृतक लेखपाल के परिजनों को न्याय नहीं मिलता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

धरना-प्रदर्शन में तहसील लेखपाल संघ अध्यक्ष जयकरण, उपाध्यक्ष विवेक यादव, मंत्री अजय प्रताप, बृजेश कुमार वर्मा, संतोष कुमार, अरविंद कुमार, दिनेश कुमार, ममता गुप्ता, रविकांत त्रिपाठी सहित अनेक लेखपाल मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments