◆ शनिवार/रविवार की दरमियानी रात मीरनघाट क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में अक्षय व एक अन्य छात्र की हुई थी मौत
अयोध्या। पत्रकार राकेश सिंह के 16 वर्षीय पुत्र अक्षय सिंह के असामयिक निधन ने पत्रकार जगत को गहरी पीड़ा एवं सदमे में डाल दिया है। बुधवार को शहर के गांधी पार्क में आयोजित शोक सभा में विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार एकत्र हुए और दिवंगत युवक को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि शनिवार/रविवार की दरमियानी रात मीरनघाट क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में अक्षय सिंह और उसके मित्र फागुन वीरानी की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना की खबर मिलते ही पूरे मीडिया समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। अक्षय पत्रकार राकेश सिंह का ज्येष्ठ पुत्र था। उनकी एक पुत्री भी है। अचानक हुई इस दुर्घटना ने परिवार ही नहीं, बल्कि परिचितों और मित्रों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
गांधी पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों ने कहा कि अक्षय सिंह का निधन एक अपूरणीय क्षति है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। सभी ने एक स्वर में परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य रखने की प्रार्थना की और कहा कि पत्रकार जगत दुख की इस घड़ी में उनके साथ खडा है।
शोक सभा में सुबोध श्रीवास्तव, आकाश सोनी, समीर शाही, रूपेश श्रीवास्तव, बृजेश कुमार सिंह, राजेंद्र कुमार दूबे, अनिल निषाद, सुमित यादव, नरेंद्र मिश्रा, गुलजार खान, बिस्मिल्लाह खान बिस्मिल, रविकांत आर्य, करन प्रजापति, संजीव आजाद, खालिद रशीद, सुदीप्त भौमिक मोंटू, वैभव श्रीवास्तव, शिवम श्रीवास्तव सहित कई पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत अक्षय को श्रद्धासुमन अर्पित किए और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।