जलालपुर अंबेडकर नगर। नगर पालिका प्रशासन की निष्क्रियता के चलते जलालपुर नगर में जाम की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। मुख्य मार्गों पर ई-रिक्शा चालकों की मनमानी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। चालक जहां-तहाँ वाहन खड़ा कर देते हैं और ओवरलोड सवारियां भरना आम बात हो गई है। इसके चलते आवा-गमन की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। नगर के व्यस्त इलाकों में आए दिन जाम की स्थिति इस कदर बिगड़ जाती है कि राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों जद्दोजहद करनी पड़ती है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को उठानी पड़ती है।
प्रशासन बना हुआ है मौन
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह चुप्पी साधे हुए है। न तो यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की कोई ठोस पहल की जा रही है और न ही ई-रिक्शा चालकों पर किसी तरह की सख्ती दिख रही है। नगरवासी पप्पू आलम और शत्रुघ्न सोनी ने बताया कि नगर पालिका को इन ई-रिक्शों के लिए अलग रूट निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यादव चौराहा से लेकर डाकखाना और शिवाजी मूर्ति तक ई-रिक्शों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित कर देना चाहिए, तभी जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी।